प्रियंका के साथ बदसलूकी पर पति रॉबर्ट वाड्रा ने कहा- पुलिस के व्यवहार से दुखी, जरूरतमंद लोगों से मिलना कोई गुनाह नहीं

नई दिल्ली. कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के पति और बिजनेसमैन रॉबर्ट वाड्रा ने प्रियंका के साथ हुए पुलिस के व्यवहार पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि महिला पुलिस के व्यवहार से बेहद दुखी हूं। जरूरतमंद लोगों से मिलना कोई अपराध नहीं है। मुझे उनपर गर्व है। उत्तर प्रदेश पुलिस ने प्रियंका गांधी को शनिवार शाम लखनऊ में रिटायर्ड आईपीएस एसआर दारापुरी के परिवार से मिलने जाने के दौरान जगह-जगह रोका। उनका आरोप है कि जब वे पैदल चलने लगीं तो एक महिला पुलिसकर्मी ने उन्हें धक्का देकर गिरा दिया और गला दबाया।

पुलिस ने नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के खिलाफ फेसबुक पोस्ट लिखने पर दारापुरी को गिरफ्तार कर लिया। वाड्रा ने कहा कि दारापुरी के परिवार से मिलने जाने के दौरान पुलिस ने उन्हें काफी परेशान किया। एक महिला पुलिस ने उनका गला दबाया, जबकि दूसरी महिला पुलिस ने धक्का दिया, जिससे वह नीचे गिर गईं। लेकिन, वह हिम्मत नहीं हारीं और दोपहिया वाहन से दारापुरी के परिवार से मिलने पहुंचीं। प्रियंका मुझे आप पर गर्व है। आपने जो किया वह सही था। जरूरतमंद लोगों से मिलना कोई अपराध नहीं है।

पुलिस ने बिना कारण बताए मेरी गाड़ी रोक दी: प्रियंका

प्रियंका ने कहा था कि अचानक पुलिस मेरी गाड़ी के सामने आ गई और मुझे रोक दिया। मैं 70 साल के सेवानिवृत्त आईपीएसअधिकारी दारापुरी के परिवार से मिलने गई थी। उन्हें पुलिस ने सिर्फ एक फेसबुक पोस्ट लिखने के लिए घर से उठा लिया। वे 19 दिसंबर से पुलिस हिरासत में हैं, उनके परिवार के सदस्य परेशान हैं। मुझे उनसे मिलना था, इसलिए मैं पुलिस के रोके जाने के बाद भी स्कूटी से आगे बढ़ी, लेकिन पुलिस ने उसे भी रोक दिया।


पुलिस ने कहा- प्रियंका के साथ धक्का-मुक्की और गला दबाने की खबर झूठी

इस मामले में कांग्रेस नेता सुष्मिता देव ने कहा कि हम प्रियंका गांधी के साथ धक्का-मुक्की की निंदा करते हैं। उत्तर प्रदेश सरकार को बर्खास्त कर वहां राष्ट्रपति शासन लगा दिया जाना चाहिए। उधर, लखनऊ के एसपी कलानिधि नैथिनी ने कहा कि हमें सुबह रिपोर्ट मिली थी कि प्रियंका गांधी की कार शेड्यूल रूट के इतर घूम रही है। प्रियंका के साथ धक्का-मुक्की और उनका गला घोंटने जैसी खबरें सोशल मीडिया में फैलाई जा रही हैं, जो गलत हैं।



आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें
रॉबर्ट वाड्रा ने कहा- पुलिस ने प्रियंका को धक्का देकर गिराया।


source /national/news/robert-vadra-said-saddened-by-the-behavior-of-up-police-with-priyanka-126404161.html

0 Comments