47 नए पॉजिटिव मिले, 2 की मौत; उदयपुर में माता-पिता कोरोना से संक्रमित 4 दिन के बच्चे को नर्सें मां की तरह पाल रहीं

राजस्थान में मंगलवार को कोरोना पॉजिटिव के 47 नए केस सामने आए। इनमें उदयपुर में 32, जयपुर में 8, कोटा में 3, अजमेर, चित्तौड़गढ़, हनुमानगढ़ और सीकर में 1-1 संक्रमित मिला। साथ ही दो लोगों की मौत भी रिकॉर्ड की गई। वहीं राज्य में कुल संक्रमितों का आंकड़ा 4035 पहुंच गया। इनमें बीकानेर और जालौर में 1-1 व्यक्ति की मौत हुई। जिसके बाद मौतों का कुल आंकड़ा 115 पहुंच गया।

माता-पिता कोरोना पॉजिटिव, नर्स मासूम को दे रही है अपने बच्चे से भी ज्यादा दुलार
उदयपुर में नवजात के माता-पिता दोनों कोरोना वायरस ग्रसित हैं, जो एमबी में भर्ती हैं। ऐसे में नवजात को नर्स रीना चौपड़ा, मीनाक्षी भट्ट संभाल रही हैं। आरएनटी मेडिकल कॉलेज के जनाना अस्पताल में गत 9 मई को सिजेरियन प्रसव के बाद मोहली चौहट्टा के कुम्हारवाड़ा निवासी प्रसूता में कोरोना की पुष्टि होते ही प्रसूता मां के अपने कलेजे के टुकड़े को सीने से लगाकर दूध पिलाने की उम्मीद अधूरी रह गई। नवजात की मां ने बताया कि मैंने ताे सिर्फ जन्म दिया है, ये नर्सें मेरे बच्चे काे मां की तरह पाल रही हैं। मैं जीवनभर इनकी एहसानमंद रहूंगी।

गहलोत बोले-शहरी क्षेत्रों को रोजगार गारंटी और प्रदेश को पैकेज दिया जाए
सीएम अशोक गहलोत ने पीएम नरेन्द्र मोदी से वीसी के जरिए संवाद में मनरेगा की तर्ज पर शहरी क्षेत्रों में भी रोजगार गारंटी योजना शुरू करने का आग्रह किया। सीएम ने ग्रामीण क्षेत्रों में मनरेगा के तहत मजदूरों के लिए न्यूनतम 200 दिवस रोजगार उपलब्ध कराने की भी बात कही। गहलोत ने कहा कि लाॅकडाउन के कारण केन्द्र एवं राज्यों के राजस्व संग्रहण पर विपरीत असर पड़ा है। केंद्र की मदद के बिना यह असंभव है कि राज्य इस संकट का मुकाबला कर सकें। इसके लिए जरूरी है कि केन्द्र जल्द से जल्द व्यापक आर्थिक प्रोत्साहन पैकेज उपलब्ध कराए।

जोधपुर से पैदल आ रहे मजदूरों को झालावाड़ सेवाहन में बैठा कर मध्य प्रदेश तक पहुंचाया गया।

जयपुर में पहली बार प्लाज्मा थेरेपी से कोई रोगी रिकवर होकर घर पहुंचा
एसएमएस में एनेस्थीसिया विभाग के अध्यक्ष डॉ. फरीद अहमद ने 22 दिन में ही कोरोना को मात दे दी। वह भी तब जब उन्हें लंग्स इन्फेक्शन, बीपी और डायबिटीज जैसी गंभीर बीमारी भी थी। आदर्श नगर निवासी डॉ. फरीद (63) बीती 20 अप्रैल को कोरोना पॉजिटिव आने के बाद एडमिट हुए थे लेकिन तबीयत बिगड़ती गई। वेंटीलेटर पर जाने की नौबत आ गई थी। बीती 4 मई को जिन दो रोगियों को प्लाज्मा थेरेपी दी गई उनमें एक डॉ. फरीद भी थे। अब थेरेपी के 7 दिन बाद वे रिकवर होकर घर पहुंच गए। प्लाज्मा थेरेपी से रिकवर होकर डिस्चार्ज होने का प्रदेश में यह पहला मामला है।

अलवर में 2 डॉक्टर, दो नर्सिंग कर्मी और एक स्वीपर संक्रमित
अलवर में सोमवार को एक ही दिन में कोरोना के 11 पॉजिटिव मरीज मिले हैं। इनमें अलवर शहर के 4 मरीज शामिल हैं। इनके अलावा बड़ौदामेव, गोविंदगढ़ के सेमला खुर्द, लक्ष्मणगढ़ के हरसाना के समीप सपेराबास, रामगढ़ के मुबारिकपुर, कोटकासिम के चावंडी, बानसूर के चतरपुरा व किशनगढ़बास के ओदरा में एक-एक कोरोना पॉजिटिव मिला है। इन्हें मिलाकर अब तक जिले में 32 पॉजिटिव केस मिल चुके हैं। चिंता की बात यह है कि नए संक्रमितों में 2 डॉक्टर, दो नर्सिंग कर्मी और एक स्वीपर भी शामिल हैं। इनमें से 3 को सामान्य अस्पताल में ड्यूटी के दौरान संक्रमण लगा है जबकि एक आयुष डॉक्टर जयपुर से लौटी है।

सिरोही में कोरोना पॉजिटिव होने की गफलत में बेरिकेड लगा गली सीज की, रिपोर्ट आई निगेटिव
सिरोही के उदयपुर रोड पर एक युवती अपने ससुराल घाणेराव से 9 मई को अनुमित लेकर पीहर पिंडवाड़ा आई थी। इसके बाद इसकी स्क्रीनिंग की गई और मेडिकल टीम की ओर से जांच की गई। इस दौरान किसी ने उसके ससुराल में सास को कोरोना होने की अफवाह फैला दी। इस पर उसका भी सैंपल लिया गया। नगरपालिका की टीम उसके आवास के बाहर पहुंची और आस पड़ोस की दुकानों को बंद करवा क्षेत्र को बेरिकेड्स से सीज कर दिया। इससे शहर में कोरोना पॉजिटिव का मरीज आने की अफवाह फैल गई। अफवाह के कारण शहर में दहशत का माहौल हो गया। बाद में युवती की रिपेार्ट निगेटीव आई जिस पर बाद में बेरिकेडिंग खोल दी गई।

अजमेर में 17 साल की युवतीकी माैत के बाद एम्बुलेंस काे कब्रिस्तान के बाहर सैनिटाइज किया गया।

33 में से 31 जिलों में पहुंचा कोरोना
प्रदेश में संक्रमण के सबसे ज्यादा केस जयपुर में हैं। यहां 1259 (2 इटली के नागरिक) संक्रमित हैं। इसके अलावा जोधपुर में 933 (इनमें 47 ईरान से आए), कोटा में 262, अजमेर में 233, उदयपुर में 214, टोंक में 142, चित्तौड़गढ़ में 142, नागौर में 131, भरतपुर में 119, बांसवाड़ा में 66, पाली में 67, जैसलमेर में 51 (इनमें 14 ईरान से आए), झालावाड़ में 47, झुंझुनूं में 42, भीलवाड़ा में 43, बीकानेर में 39, मरीज मिले हैं। उधर, दौसा में 24, धौलपुर में 21, अलवर में 31, चूरू में 18, राजसमंद में 20, जालौर में 14, हनुमानगढ़ में 12,, सिरोही और डूंगरपुर में 11-11, सवाई माधोपुर और सीकर में 10-10, करौली और बाड़मेर में 7-7, प्रतापगढ़ में 4 कोरोना मरीज मिल चुके हैं। बारां में 3 संक्रमित मिले हैं। जोधपुर में बीएसएफ के 42 जवान भी पॉजिटिव मिल चुके हैं।


अब तक 113 लोगों की मौत

राजस्थान में कोरोना से अब तक 113 लोगों की मौत हुई है। इनमें जयपुर में 61 (जिसमें दो यूपी से), जोधपुर में 17, कोटा में 10, अजमेर में 5, बीकानेर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़ , पाली, नागौर, सीकर और भरतपुर 2-2 , जालौर, बांसवाड़ा, चूरू, करौली, प्रतापगढ़, अलवर, सवाई माधोपुर और टोंक में 1-1 की मौत हो चुकी है।



आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें
उदयपुर में एक नवजात के माता-पिता दोनों कोरोना पॉजिटिव हैं। ऐसे में नर्स बच्चे को संभाल रही।


source /national/news/47-new-positives-found-2-killed-in-udaipur-the-parents-nursed-a-4-day-old-child-infected-with-the-corona-like-a-motherrajasthan-coronavirus-live-updates-cases-latest-news-jodhpur-jaipur-kota-ajmer-udaipur-tonk-chittorgarh-bharatpur-pali-banswara-bhilwara-127293839.html

0 Comments