अमेरिका में संक्रमितों की संख्या 20 लाख से ज्यादा हुई, पाकिस्तान में फिर लागू नहीं होगा लॉकडाउन; दुनिया में अब तक 70.85 लाख मामले

दुनिया में कोरोनावायरस से अब तक 4 लाख 5 हजार 272 लोगों की मौत हो चुकी है। संक्रमितों का आंकड़ा 70 लाख 85 हजार 702 हो गया है। अब तक 34 लाख 59 हजार 830 लोग स्वस्थ हो चुके हैं। अमेरिका में संक्रमितों का आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। रविवार को यह 20 लाख से ज्यादा हो गया। अश्वेत नागरिक जॉर्ज फ्लॉयड की मौत के बाद भड़के विरोध प्रदर्शनों ने ट्रम्प प्रशासन की चिंता और बढ़ा दी है। दूसरी तरफ, पाकिस्तान में भी हालात बिगड़ते जा रहे हैं। लेकिन, प्रधानमंत्री इमरान खान ने फिर साफ कर दिया है कि वो सख्त लॉकडाउन लागू नहीं करेंगे।

कोरोनावायरस : 10 सबसे ज्यादा प्रभावित देश

देश

कितने संक्रमित कितनी मौतें कितने ठीक हुए
अमेरिका 20,07,449 1,12,469 7,61,708
ब्राजील 6,91,962 36,499 3,02,084
रूस 4,67,673 5,859 2,26,731
स्पेन 2,88,630 27,136 उपलब्ध नहीं
ब्रिटेन 2,86,194 40,542 उपलब्ध नहीं
भारत 2,57,486 7,207 1,23,848
इटली 2,34,998 33,899 1,65,837
पेरू 1,96,515 5,465 86,219
जर्मनी 1,85,869 8,776 1,69,100
ईरान 1,71,789 8,281 1,34,349

ये आंकड़ेhttps://ift.tt/37Fny4Lसे लिए गए हैं।

अमेरिका: बढ़ते मामले
अमेरिका में ट्रम्प सरकार दो मोर्चों पर जूझती नजर आ रही है। यहां संक्रमितों का आंकड़ा 20 लाख से ज्यादा हो गया है। यह दुनिया में सबसे ज्यादा है। न्यूयॉर्क राज्य और न्यूयॉर्क शहर सबसे ज्यादा प्रभावित हैं। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने शनिवार को कहा था कि उनके देश में मामले इसलिए ज्यादा हैं क्योंकि यहां टेस्ट ज्यादा हो रहे हैं। दूसरी तरफ, अश्वेत नागरिक जॉर्ज फ्लॉयड की पुलिस के हाथों हत्या के बाद हो रहे विरोध प्रदर्शनों ने सरकार की चिंता बढ़ा दी है। यहां लोग मास्क लगाए तो दिख जाते हैं लेकिन, सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन नहीं हो रहा।

पाकिस्तान: अर्थव्यवस्था की फिक्र
पाकिस्तान में संक्रमितों का आंकड़ा एक लाख से ज्यादा हो गया। दो हजार से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। 24 घंटे में ही 4960 मामले सामने आए। प्रधानमंत्री इमरान खान ने एक बार फिर लॉकडाउन से इनकार कर दिया। उनका कहना है कि पाकिस्तान में गरीबों की तादाद काफी ज्यादा है। अगर सरकार लॉकडाउन जैसे कदम उठाती है तो इससे इकोनॉमी तबाह होने का खतरा है। दूसरी तरफ, पीपीपी सांसद शेरी रहमान ने सरकार पर आरोप लगाया है कि वो दूसरे देशों से आ रहे लोगों का टेस्ट नहीं करा रही। उनका कहना है कि इन लोगों की वजह से मामले ज्यादा तेजी से बढ़ रहे हैं।

पाकिस्तान में संक्रमितों की संख्या एक लाख से ज्यादा हो चुकी है। सरकार ने साफ कर दिया है कि देश में सख्त लॉकडाउन लागू नहीं किया जाएगा। तस्वीर लाहौर में मास्क खरीदती एक महिला की है। (फाइल)

ब्राजील : सरकार से नाराजगी
यहां रविवार को 904 लोगों की मौत हो गई। इसके साथ ही मरने वालों का आंकड़ा 36 हजार से ज्यादा हो गया। इस दक्षिण अमेरिकी देश में सरकार के खिलाफ भी गुस्सा बढ़ रहा है। सीएनएन की एक रिपोर्ट के मुताबिक, ब्राजील सरकार ने 4 जून के बाद महामारी पर विस्तार से कोई जानकारी नहीं दी है। आरोप है कि सरकार देश और दुनिया से जानकारी छिपा रही है। यहां एक पूर्व जज और मीडिया ने इस मामले में सरकार का विरोध किया है।

ब्राजील के रियो डि जेनेरियो शहर में मास्क लगाकर सड़क पर टहलते लोग। यहां सरकार पर संक्रमण के मामले छिपाने का आरोप लग रहा है। (फाइल)

चीन : डब्ल्यूएचओ को वक्त पर जानकारी दी
अमेरिका और कुछ दूसरे देश चीन पर संक्रमण से संबंधित जानकारी छिपाने का आरोप लगा रहे हैं। लेकिन, चीन ने एक बार फिर इससे इनकार किया है। चीन के मुताबिक, जैसे ही कोरोनावायरस की जानकारी सामने आई, उसने डब्ल्यूएचो को इसके बारे में बता दिया था। रविवार को एक सरकारी बयान में कहा गया- वायरस का पता लगते ही चीन ने डब्ल्यूएचओ के अलावा कुछ देशों और क्षेत्रीय संगठनों को इसकी जानकारी दे दी थी। बयान में कहा गया है कि 8 जनवरी को वायरस की पुष्टि हुई। 11 जनवरी से हर रोज डब्ल्यूएचओ को इसकी जानकारी दी गई।

चीन के यिवू शहर में मास्क पहनकर जातीं महिलाएं। चीन ने रविवार को एक बयान जारी कर कहा कि उसने वायरस का पता लगते ही डब्ल्यूएचओ और संबंधित संगठनों को इसकी जानकारी दे दी थी। अमेरिका और यूरोप के कई देश चीन पर संक्रमण की जानकारी छिपाने का आरोप लगाते रहे हैं।

मेक्सिको : 24 घंटे में 188 लोगों की मौत
मेक्सिको में 24 घंटे के दौरान 188 और लोगों की मौत हो गई। मरने वालों का कुल आंकड़ा अब 13 हजार 699 हो गया है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने रविवार को बताया कि देश में इस दौरान इस संक्रमण के 3484 नए मामले दर्ज किए गए। कुल संक्रमितों की संख्या 1 लाख 17 हजार 103 हो गई। यहां 19 हजार 629 एक्टिव केस हैं।



आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें
अमेरिका में संक्रमितों का आंकड़ा 20 लाख से ज्यादा हो गया। न्यूयॉर्क सबसे ज्यादा प्रभावित है। यहां के गवर्नर एंड्रू क्यूमो ने शुक्रवार को कहा था कि जिन लोगों ने अश्वेत नागरिक जॉर्ज फ्लॉयड की मौत के बाद विरोध प्रदर्शनों में हिस्सा लिया है, उन्हें टेस्ट कराना चाहिए। (फाइल)


source https://www.bhaskar.com/international/news/coronavirus-outbreak-china-italy-iran-usa-japan-iran-live-today-news-updates-world-cases-novel-corona-covid-19-death-toll-127387392.html

0 Comments